अस्सी घाट पर मंगलवार को गंगा में बड़ी बहन के साथ स्नान के दौरान 12 वर्षीय बालिका डूब गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। चार घंटे की मशक्कत के बाद जल पुलिस और एनडीआरएफ के जवानों ने बालिका का शव बाहर निकाला।
विज्ञापन
सरायनंदन, खोजवा की रहने वाली सलोनी प्रजापति (12) अपनी बड़ी बहन सुनैना प्रजापति (16) के साथ अस्सी घाट पर गंगा में स्नान करने गई थी। स्नान कर सुनैना बाहर निकल आई। उसी दौरान सलोनी गहरे पानी में चली गई।
सलोनी को डूबता देख सुनैना भी गंगा में छलांग लगाने जा रही थी। लोगों ने सुनैना को रोका और पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर भेलूपुर थाने की पुलिस, जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम पहुंची।
विज्ञापन
मां के मना करने पर भी जिद करके आई थीं दोनों
सलोनी के गंगा में डूबने की सूचना पाकर मौके पर उसके पिता पेशे से इलेक्ट्रिशियन रामजी परिजनों के साथ पहुंचे। सलोनी के भाई गौतम प्रजापति ने बताया कि वह दो भाई और तीन बहन हैं। कक्षा आठ में पढ़ने वाली सलोनी चौथे नंबर की थी। दोनों बहनें मां भारती से जिद कर गंगा में स्नान करने के लिए आई थी। दोनों के घर से निकलते समय मां ने काफी मना किया था, लेकिन वह नहीं मानी।