कासिमाबाद विकासखंड के धारावा ग्राम पंचायत में तैनात सफाई कर्मी को अवैधानिक रूप से कासिमाबाद तहसील में वकालत करते हुए डीपीआरओ गाजीपुर ने शनिवार को रंगे हाथ पकड़ लिया। सदर कोतवाली में एडीओ पंचायत द्वारा बगैर कार्य किए वेतन आहरित करने के साथ फर्जी पैरोल बनाकर प्रस्तुत करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है।
डीपीआरओ की इस कार्रवाई से कासिमाबाद तहसील सहित पूरे विकासखंड में हड़कंप मच गया है। एक सफाई कर्मी को वकालत करते हुए उसके टेबल से कासिमाबाद तहसील से रंगे हाथ पकड़ना पूरे तहसील में भ्रष्टाचार की एक नई पोल खोल दिया।
कासिमाबाद विकासखंड के ग्राम पंचायत धरवां में विंध्याचल राम निवासी खेताबपुर थाना कासिमाबाद की लंबे समय से सफाई कर्मी के पद पर तैनाती है। डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह शनिवार को ग्राम पंचायत धारवां पहुंचकर विकास कार्यों के साथ गांव की नालियां आदि साफ न होने पर सफाई कर्मियों के बारे में जानकारी लिया ।
डीपीआरओ को बताया गया कि सफाई कर्मी विंध्याचल राम लंबे समय से अपना काम छोड़कर कासिमाबाद तहसील में वकालत करता है । इस बात की जानकारी होते ही डीपीआरओ ग्राम प्रधान अम्मार रजा के साथ कासिमाबाद तहसील पहुंचकर विंध्याचल राम को टाई कोट के साथ वकालत करते हुए फरियादियों के कागज और फाइल के साथ रंगे हाथ पकड़ा और उन्हें पकड़कर जिला मुख्यालय लेकर चले गए । डीपीआरओ ने बताया कि एडीओ पंचायत जनार्दन तिवारी द्वारा सदर कोतवाली में सफाई कर्मी विंध्याचल राम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है ।
जिसमें मुख्य रूप से धौंस जमाकर फर्जी पैरोल बनवा कर वेतन आहरित करने के साथ बगैर कार्य किए वेतन लेने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है । एडीओ पंचायत जनार्दन तिवारी ने बताया कि सफाई कर्मी लंबे समय से चार पांच लोगों को लेकर के गलत तरीके से दबाव बनाकर फर्जी पैरोल बनवा ले रहा था और उसी आधार पर अब तक वेतन निकालता रहा है। इसी शिकायत पर आज कार्रवाई की गई है। इस कार्यवाही की चर्चा पूरे तहसील सहित पूरे विकासखंड में होती रही।