शनिवार सुबह गांव की एक महिला पूजा के लिए फूल तोड़ने पोखरे की ओर गई थी। इसी दौरान उसकी नजर नीम के पेड़ की टहनी से जंगली लताओं के सहारे लटक रहे शव पर पड़ी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। शव की पहचान शिवम के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों का आरोप है कि शिवम के पैर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है। शिवम मिर्जापुर के एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां उमा देवी और पिता रामकरन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों की भीड़ मृतक के घर पर जुट गई और लोग परिजनों को ढांढस बंधाने में लगे रहे।
सूचना मिलने पर बहरियाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।