खास बात यह है कि 19 नवंबर को इस बार न्यूनतम तापमान वर्ष 2024 और 2025 की तुलना में कम दर्ज किया गया। वर्ष 2024 में इस तारीख को अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस था। वर्ष 2025 में अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि इस बार अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहा।
तड़के लंबी दूरी तय करने वाले लोगों के शरीर पर शीत का असर साफ दिखाई दिया। शीत पड़ने के कारण सड़कें भी गीली हो गई थीं। सड़क की स्थिति देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे किसी ने पानी डाल दिया हो। हालांकि रात के समय अभी ठंड का असर उतना अधिक नहीं है, लेकिन सुबह की गलन लोगों को परेशान करने लगी है।
गर्म कपड़ों में नजर आए लोग
मौसम के बदले मिजाज का असर लोगों के पहनावे पर भी दिखने लगा है। सुबह स्वेटर और जैकेट पहनकर लोग घरों से निकले। इस महीने पहली बार बड़ी संख्या में लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेते देखा गया। हालांकि युवा अब भी हल्के कपड़ों में आवागमन करते नजर आए।
मौसम अब बदल रहा है। कोहरे का असर भी दिखने लगा है। साथ ही न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। जनपद का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। - अशोक राय, आपदा विशेषज्ञ।