मजिस्ट्रेटों की जांच में रात में स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खुली। बुधवार की रात में मजिस्ट्रेटों के निरीक्षण में मदनपुरा का प्राइमरी हेल्थ सेंटर, भेलूपुर का स्वामी विवेकानंद राजकीय चिकित्सालय, शिवपुर का उच्चीकृत राजकीय चिकित्सालय में ताला बंद पाया गया। चिरईगांव नरपतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चार डॉक्टर और फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले।
डीएम ने इनका एक दिन का वेतन काटने के साथ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है। चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए डीएम ने सीएमओ डा. वीबी सिंह से जवाब तलब किया है। डीएम ने रात के समय डाक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
एसडीएम सदर ने चिरईगांव नरपतपुर में निरीक्षण किया तो वहां वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह कई माह से अवकाश पर पाए गए। डॉ. ओमप्रकाश सिंह नौ नवंबर से, डॉ. संगीता त्रिपाठी 21 से और दांत की डॉ. निहारिका मौर्या 28 अक्टूबर से छुट्टी पर मिले। फार्मासिस्ट कैलाश सिंह की ड्यूटी होने के बाद भी अनुपस्थित मिले।