वाराणसी। उद्यम करने के इच्छुक युवाओं को ट्रेनिंग के लिए स्कॉलरशिप दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया अभियान को गति देने के लिए देशपांडे फाउंडेशन भी आगे आया है और वो देश के युवाओं को अपना उद्यम शुरू करने को उन्हें ट्रेनिंग के लिए स्कॉलरशिप दे रहा है। युवाओं को कर्नाटक यूनिवर्सिटी से संबद्ध देशपांडे सेंटर फॉर सोशल इंटरप्रेन्योरशिप से उद्यमी बनने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए उन्हें सौ फीसदी स्कॉलरशिप दी जाएगी। संस्था खास तौर से उत्तर प्रदेश के युवाओं को ये वजीफा दे रही है।
कर्नाटक यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सोशल इंटरप्रेन्योरशिप से युवाओं को द्विवर्षीय मास्टर ऑफ सोशल इंटरप्रेन्योरशिप (एमएसई) पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। एमएसई के तहत युवा उद्यम के एक बेहतरीन आइडिया के साथ यहां आएंगे और विभिन्न कंपनियों के प्रबंधकों, प्रोग्राम हेड के निर्देशन में अपने आइडिया पर दो साल तक काम करेंगे। चार सेमेस्टर में बंटे इस पाठ्यक्रम के तहत उन्हें दो बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम करना होगा। इस स्कॉलरशिप का लाभ उत्तर प्रदेश के केवल दस ऐसे युवा उठा पाएंगे जिनका बिजनेस
आइडिया बेहतरीन होगा। संस्था के टीम लीडर अजय सुमन शुक्ला ने बताया कि स्कॉलरशिप देने का उद्देश्य बस इतना है कि युवाओं में शुरू से ही उद्यमिता का विकास हो। बताया कि स्कॉलरशिप हासिल करने की अंतिम तिथि 25 जून है। आवेदन करने के लिए इच्छुक युवा www.detmse.org पर जाकर आवेदन पत्र डाउनलोड कर आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद जुलाई के पहले सप्ताह में आवेदकों को एक एक्सपर्ट पैनल के सामने अपने बिजनेस आइडिया को प्रदर्शित करना होगा। ये एक्सपर्ट पैनल 10 बेस्ट आइडिया के आधार पर युवाओं को स्कॉलरशिप के लिए चयनित करेगा।