वाराणसी। अमर उजाला रूपांतरण क्लब की चेयर पर्सन डॉ. रितु गर्ग को शनिवार की शाम ‘फेस ऑफ रूपांतरण’ से सम्मानित किया गया। क्लब की बेहतरी में उनके योगदान के लिए यह सम्मान उन्हें दिया गया।
तीन साल से रूपांतरण क्लब के साथ महिलाओं को बेहतर माहौल देने के लिए काम कर रहीं डॉ. रितु इस मौके पर बेहद भावुक नजर आईं। इस बैनर के नीचे महिलाओं पर केंद्रित कुकरी शो, हेल्थ वर्कशाप, डांडिया महोत्सव, ब्राइडल मेकअप कॉटेस्ट समेत अब तक 25 से अधिक प्रतियोगी कार्यक्रम उनकी अगुवाई में हो चुके हैं।
स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किए जाने के बाद रितु ने इसे मेहनत का सम्मान बताया। उन्होंने कहा इसके लिए अमर उजाला का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने बताया कि रूपांतरण क्लब को और ऊंचाई देने के लिए फिलहाल वो मेहनत कर रही हैं। यह क्लब महिलाओं की शान बन चुका है।
जो महिलाएं घरों से बाहर नहीं निकलती थीं, उन्हें सिर्फ चूल्हे-चौके तक सीमित रखा जाता था उनके लिए रूपांतरण क्लब वरदान साबित हो रहा है। क्लब के प्रतियोगी कार्यक्रमों से जुड़कर महिलाएं जीने का हुनर सीख रही हैं।
इससे पहले रितु ने अपने पति संजय गर्ग के साथ फिल्म फिजा में सुनिधि चौहान के गाए गीत- मुझे मस्त माहौल में जीने दे... के बोल पर सधे अंदाज में नृत्य कर खूब तालियां बटोरीं।