पूर्व सांसद उमाकांत यादव के पुत्र दिनेशकांत यादव के विरुद्ध गैंगेस्टर की कार्रवाई को डीएम ने रद्द कर दिया है। जांच में तथ्य गलत मिलने पर डीएम ने यह आदेश जारी किया। इस मामले में लापरवाही बरतने पर बदलापुर के तत्कालीन एसओ राजेश यादव के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है। बक्शा के पंकज सिंह पर हुई कार्रवाई भी रद्द कर दी गई है।
बदलापुर पुलिस ने जुलाई में डीएम से दिनेशकांत यादव पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की सिफारिश की थी। पुलिस की रिपोर्ट के आधार डीएम ने गैंगेस्टर लगाते हुए संपत्ति कुर्क करने और आरोपी को पक्ष रखने का आदेश दिया था। दिनेशकांत यादव ने अपने विरुद्ध दर्ज मुकदमे को आधारहीन बताते हुए डीएम के समक्ष प्रार्थना पत्र दिया। डीएम ने पुलिस से सभी दस्तावेज मांगे मगर पुलिस कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सकी।
इसके बाद डीएम ने गैंगेस्टर की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए कुर्क बैंक खातों को तत्काल प्रभाव से संचलित कराने का निर्देश तहसीलदार शाहगंज को दिया। एसपी को तत्कालीन एसओ राजेश यादव के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई को पत्र भेजा है। दिनेशकांत का कहना है कि राजनीतिक द्वेष से यह कार्रवाई की गई थी। उधर, बक्शा थाना क्षेत्र के बेलहटा गांव निवासी पंकज सिंह के खिलाफ गैंगेस्टर व कुर्की की कार्रवाई भी पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में रद्द कर दी गई है।