जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मछलीशहर पड़ाव के पास मंगलवार की देर शाम घर से कूड़ा फेंकने निकली किशोरी के साथ तीन लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। तीनों आरोपी घर से फरार हैं।
मछलीशहर पड़ाव के पास रहने वाले एक परिवार की किशोरी बुधवार की शाम करीब नौ बजे घर से कूड़ा फेंकने गई थी। तभी मौका पाकर तीन मनबढ़ युवकों ने किशोरी का मुहं दबाकर पेट्रोल पंप के बगल सूनसान स्थान पर ले गए जहां तीनों ने उसके साथ बारी बारी से दुष्कर्म किया। इधर कूड़ा फेंककर किशोरी के लौटने में देर होती देख परिवार के लोगों को चिंता हुई। किशोरी के माता और पिता दोनो बेटी को खोजते हुए जा रहे थे तभी किशोरी रोते हुए सड़क पर पहुंची उसने मां से आपबीती सुनाई तो लोग सन्न रह गए। सुबह लड़की के परिजन उसके साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी परवेज, साहिल और टंटन के खिलाफ दुष्कर्म और पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी लेकिन तीनों आरोपी घर से फरार हैं। एसपी विपिन कुमार मिश्र का कहना है कि पीड़ित किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का निर्देश कोतवाली पुलिस को दिया गया है।