यूपी के आजमगढ़ जिले में किशोरियों और महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। गुरुवार को फिर जिले के एक गांव दलित बस्ती की किशोरी के साथ गैंगरेप की सनसनीखेज घटना सामने आई है।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की दलित बस्ती की किशोरी को अगवा कर गुरुवार सुबह उसी गांव के तीन दूसरे समुदाय के युवकों ने गैंगरेप किया। किशोरी के भाई ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि दो फरार हैं।
गुरुवार सुबह की घटना होने के बावजूद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल मुआयना के लिए भेजवाने की बजाय शाम तक थाने पर बैठाए रखा। पीड़ित 16 वर्षीय किशोरी के पिता मनोरोगी हैं। भाई क्षेत्र के एक ईंट-भट्ठा मालिक की गाड़ी चलाता है। घर पर किशोरी अपनी मां के साथ रहती है।
गुरुवार की भोर में किशोरी खेत में जाने के लिए निकली थी। जैसे ही वह घर से थोड़े दूर पहुंची कि वहां पड़ोसी गांव का मो. तौफीक पुत्र इकबाल, मो. शाहिद पुत्र मुस्तकीम और नजरे आलम पुत्र जैनू पहुंच गए और किशोरी को अगवा कर घर से करीब सौ मीटर दूर खेत में उठा ले गए।
वहां तीनों ने उसके साथ गैंगरेप किया और भाग निकले। किशोरी काफी देर तक वही बेहोश पड़ी रही। होश में आने पर वह किसी तरह से घर पहुंची। घर पहुंचकर उसने मां को पूरी बात बताई। परिवार के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देते हुए रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
पुलिस ने पीड़िता के भाई की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर एक आरोपी तौफीक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो की तलाश है। वहीं गुरुवार की शाम तक पुलिस पीड़िता को मेडिकल के लिए जिला महिला अस्पताल भेजवाने की बजाय थाने पर बैठाए रखी।
गौरतलब है कि गैंगरेप या रेप की घटनाएं आजमगढ़ में आए दिन सामने आ रही है। अभी बीते मंगलवार की रात में अहरौला थाना क्षेत्र के एक गांव में तमंचे के बल पर महिला के साथ रेप हुआ था। इससे पहले दो मई को गंभीरपुर थाने के एक गांव में गैंगरेप की घटना सामने आई थी।