दशाश्वमेध घाट पर बढ़ा गंगा का जलस्तर। अमर उजाला
वाराणसी। बारिश का असर अब नदियों के जलस्तर पर भी दिखने लगा है। बृहस्पतिवार को वाराणसी में गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की गई। गंगा में उफान के कारण जल पुलिस ने नावों का संचालन बंद करा दिया। गंगा का जलस्तर 14 सेंटीमीटर बढ़कर 61.90 मीटर पर पहुंच गया। वहीं, वरुणा नदी का जलस्तर 1.06 मीटर घटकर 68.15 मीटर दर्ज किया गया। तेज बहाव और ऊंची लहरों को देखते हुए जल पुलिस ने नावों के संचालन पर रोक लगा दी है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, बृहस्पतिवार को गंगा का जलस्तर बढ़ने का सिलसिला जारी रहा। गंगा का जलस्तर 14 सेंटीमीटर बढ़कर 61.90 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में 2 से 3 सेंटीमीटर प्रति घंटे की वृद्धि हो रही है। हालांकि, यह अभी भी खतरे के निशान से लगभग नौ मीटर नीचे है। जल पुलिस प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण घाटों के किनारे स्थित कई मंदिरों तक पानी पहुंच गया है। कई घाटों की सीढ़ियां भी जलमग्न हो गई हैं। इसे देखते हुए नावों का संचालन बंद कर दिया गया है। साथ ही स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को लगातार सतर्क किया जा रहा है। पुलिस टीम गश्त कर लोगों को नदी से दूर रहने की अपील कर रही है।