गंगा में रामनगर से राजघाट तक सैलानियों को सैर कराने के लिए पटना से पहुंचे विवेकानंद रो पास क्रूज का संचालन जिला प्रशासन करेगा। हालांकि यह अभी तय नहीं है कि रामनगर से राजघाट तक का बेसिक किराया कितना होगा। बुधवार की शाम कमिश्नर दीपक अग्रवाल व डीएम कौशल राज शर्मा ने खिड़कियां घाट पहुंच क्रूज का निरीक्षण किया।
इस दौरान जिला प्रशासन को संचालन की अनुमति देने को प्राधिकरण आईडब्ल्यूएआइ द्वारा एमओयू तैयार किया गया। बहुत जल्द रो पास क्रूज का रामनगर से राजघाट तक संचालन शुरू किया जाएगा। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वाराणसी में यात्रियों के लिए रो पास चलाया जाएगा। क्रूज निरीक्षण के दौरान विभिन्न योजनाओं पर विचार किया गया एवं सुझाव भी दिए गए। इस क्रूज में 200 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, फुली लोडेड ट्रक एवं दो चार पहिया वाहन खड़े करने की व्यवस्था है। इस क्रूज को प्राधिकरण द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के साथ एमओयू पर कार्य किया जा रहा है। इससे वाराणसी की जनता को आवागमन तथा भ्रमण करने की सुविधा प्राप्त होगी। जिला प्रशासन के संरक्षण में यह क्रूज संचालित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान पर्यटन अधिकारी भी मौजूद रहे।