Varanasi News: वाराणसी में क्रिकेट प्रेमियों ने गंगा आरती कर खिलाड़ियों के जीत की कामना की। इसके पहले भी हवन-पूजन कर वर्ल्ड कप में जीत के लिए आर्शीवाद मांगा गया था।
नमामि गंगे टीम ने टी-20 विश्व कप क्रिकेट के फाइनल में साउथ अफ्रीका टीम पर भारतीय टीम की जीत के लिए श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित गंगा द्वार पर मां गंगा की आरती उतारकर भारतीय टीम का हौसला बुलंद किया।
विज्ञापन
भारतीय क्रिकेटरों की तस्वीर, क्रिकेट बैट इत्यादि लेकर राष्ट्रध्वज के साथ नमामि गंगे ने आमजन के साथ फाइनल में साउथ अफ्रीका पर भारत के अजेय रथ का शंखनाद किया। भारत माता की जय, चक दे इंडिया, जीतेगा भाई जीतेगा, हिंदुस्तान जीतेगा, बढ़ते चलो के गगन भेदी उद्घोष से गंगा द्वार का परिसर गूंज उठा।
नमामि गंगे के सदस्यों के साथ माताओं, बहनों, बुजुर्गों, युवाओं ने मिलकर टीम इंडिया के लिए प्रार्थना की। राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ी रहे गंगा सेवक नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि भारतीय टीम विश्व कप में अब तक अजेय है और उसने अपने सभी लीग मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई है।