गणपति महाराज के गूंजे जयकारे, बैंडबाजे के साथ निकला बधावा
- फोटो : अमर उजाला
गणेशोत्सव की रौनक बुधवार को वाराणशी में आस्था और उल्लास के अनेक रंग बिखेर गई। भगवान गणेश की छठी का उत्सव जगह-जगह मनाया गया। इस मौके पर बड़ा गणेश मंदिर से बैंडबाजे के साथ बधावा निकला।
श्री बड़ा गणेश लोहटिया व्यापार मंडल के संयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बधावा में शामिल हुए। बड़ा गणेश के भव्य शृंगार की मनोरम झांकी देखते बन रही थी। दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। शाम को मंदिर में हुए विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
संयोजक अनिल गुप्ता की देखरेख में कार्यक्रम हुआ। उधर, आसभैरो स्थित अग्रवाल भवन में श्री काशी मराठा गणेश उत्सव समिति की ओर से भगवान गणेश की छठी की धूम मची।
नूतन बालक गणेशोत्सव समाज सेवा मंडल की ओर से गणेश दीक्षित लेन में छठी उत्सव के दौरान भगवान गणेश का झूले पर मनोहारी शृंगार किया गया। सुबह सहस्रनामार्चन हुआ। इसके बाद पुरस्कार वितरण और रात में संगीत सम्मेलन के जरिए कलाकारों ने भावांजलि अर्पित की।
अंकित पारिख, रागिनी देवले, देवांगी पुरंदरे ने अपनी कला की प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस मौके पर गणेश पंडालों में भगवान की छठी पूजा देखने श्रद्धालु परिवार के साथ पहुंचे।
भगवान को प्रिय मोदक का भोग लगाया गया। मंगला आरती, भोग आरती और शयन आरती के अलावा कपूर से महाआरती भी हुई। भक्तों को प्रसाद के रूप में मोदक का वितरण किया गया।