सेवापुरी। स्थानीय घोसिला गांव में स्थित गांधी स्मारक निधि सेवापुरी के मंत्री लाल बहादुर राय पर जांच के बाद कई अनियमितता पाये जाने पर गाज गिर गई। उनके स्थान पर उप जिलाधिकारी राजातालाब को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
अनिल सिंह व आशा सिंह समेत 16 अन्य सदस्यों ने लाल बहादुर राय के खिलाफ आरोप लगाया था कि उत्तर प्रदेश गांधी स्मारक निधि के मंत्री द्वारा संस्था के कई इमारतों को औने पौने दाम पर लीज पर देने के साथ ही कई प्रकार की अनियमितता की जा रही है। साथ ही कमेटी के गठन में गड़बड़ी की गई है। इस शिकायत को सैयदराजा के विधायक सुशील सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ तक पहुंचाया था। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को जांच कराने का निर्देश दिया था। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि जांच के बाद सहायक निबंधक फर्म चिट्स एंड सोसायटी की संस्तुति पर उत्तर प्रदेश गांधी स्मारक निधि सेवापुरी का प्रशासक उप जिलाधिकारी राजातालाब को नियुक्त किया गया है।