फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Varanasi: G-20 समिट लोगो अनावरण के संग वॉकथान कल, शहर के प्रमुख स्थानों पर लगेंगे 20 देशों के झंडे

Fri, 20 Jan 2023 09:02 PM IST
उत्पल कांत न्यूज डेस्क, अमर उजाला, वाराणसी

सार

जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए काशी में होने वाले आयोजनों को भव्य रूप देने की तैयारी है।शनिवार को वाराणसी में जी-20 सम्मेलन के लोगो का अनावरण किया जाएगा। साथ ही मानव श्रृंखला के जरिए सिगरा स्टेडियम में जी-20 का लोगो बनाया जाएगा।  
विज्ञापन
जी-20 थीम पर सजेंगे शहर के चौराहे - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

वसुधैव कुटुंबकम की थीम पर शनिवार को वाराणसी में जी-20 सम्मेलन के लोगो का अनावरण किया जाएगा। मानव श्रृंखला के जरिए सिगरा स्टेडियम में जी-20 का लोगो बनाया जाएगा। जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग से सुबह नौ बजे से वॉकथान का आयोजन किया गया है।

विज्ञापन


सिगरा स्थित रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर से शुरू होकर वॉकथान साजन तिराहा, फातमान, मलदहिया पटेल प्रतिमा से होकर महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में गांधी प्रतिमा पर जाकर समाप्त होगा।  शहर के जनप्रतिनिधियों की ओर से हरी झंडी दिखाकर वॉकथान को रवाना किया जाएगा। नगर निगम की ओर से महत्वपूर्ण स्थानों पर 20 देशों के झंडे लगाए जाएंगे।

शहीद उद्यान से विद्यापीठ के बीच जागरूकता रैली

सभी चौराहों से स्वच्छता आधारित संदेश प्रसारित होंगे। शहर के प्रमुख स्थानों पर जी-20 से जुड़े बोर्ड लगाए जाएंगे। पूरे रास्ते में पीएसी बैंड पर देशभक्ति धुन बजाई जाएगी। इसमें खिलाड़ी, पीआरडी जवान, स्काउट गाइड, व्यापार मंडल, उद्योग, होटल, स्कूली बच्चे आदि शामिल होंगे। उधर रन फॉर जी-20 के तहत खेल विभाग की ओर से शहीद उद्यान से विद्यापीठ के बीच जागरूकता रैली निकाली जाएगी।  

जी-20 थीम पर सजेंगे शहर के 18 चौराहे

जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए काशी में होने वाले आयोजनों को भव्य रूप देने की तैयारी है। नगर निगम की ओर से नौ मार्गों के 18 तिराहे और चौराहों की डिजाइन फाइनल कर दी गई है। यहां पर जी-20 थीम पर सजावट के कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने शासन से 20 करोड़ रुपये की मांग की है। अभी धनराशि नहीं मिली है, लेकिन निगम ने टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी है।

तैयारियों के प्रभारी अपर नगर आयुक्त राजीव कुमार राय ने बताया कि सभी तिराहे और चौराहों की अलग-अलग डिजाइन है। पूरी डिजाइन जी-20 थीम पर है। इसमें 20 देशों के झंडे भी लगाए जाएंगे। कहीं पर हरियाली तो कहीं पर आकर्षक लाइटिंग पर ध्यान दिया गया है। कुछ जगहों पर फव्वारे तो कुछ जगहों पर झंडे दिखाई देंगे। 

उन्होंने बताया कि इस कार्य में स्वयंसेवी संस्थाओं की भी मदद ली जाएगी। यदि कोई संस्था किसी तिराहे या चौराहे को सजाना संवारना चाहे तो वह नगर निगम में संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा वास्तुविद और विशेषज्ञों की राय को भी शामिल किया जाएगा। 

यहां पर होगी सजावट

बाबतपुर तिराहा, अतुलानंद चौराहा, कचहरी चौराहा, अंबेडकर पार्क चौराहा, सर्किट हाउस तिराहा, तेलियाबाग चौराहा, मलदहिया चौराहा, रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर, हरहुआ चौराहा, तिलक तिराहा, कमच्छा तिराहा, विजया चौराहा, रविंद्रपुरी चौराहा, बीएचयू चौराहा, लहुराबीर चौराहा, पिपलानी कटरा चौराहा, मैदागिन चौराहा, आशापुर चौराहा 

इन मार्गों को संवारने की तैयारी
  • बाबतपुर एयरपोर्ट से ताज होटल 
  • ताज होटल से रुद्राक्ष कंवेंशन सेंटर 
  • ताज होटल से बड़ा लालपुर हस्तकला संकुल
  • रुद्राक्ष से बीएचयू 
  • ताज होटल से विश्वनाथ मंदिर
  • चौकाघाट से नमो घाट
  • विश्वनाथ मंदिर से बीएचयू 
  • पुलिस लाइन से सारनाथ 
  • बीएचयू से रविदास घाट     

महाउपनिषद से ली गई है जी-20 की थीम

हात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में जी-20 सम्मेलन के प्रति जागरूकता के लिए राजनीति विज्ञान विभाग की ओर से निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। जी-20 में भारत की भूमिका-विकास की संभावनाओं पर स्नातक, परास्नातक और शोध विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

शुक्रवार को समाज विज्ञान संकाय में कार्यक्रम की शुरूआत करते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. सूर्यभान प्रसाद ने कहा कि जी-20 की थीम एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य महाउपनिषद से लिया गया है। जी-20 की अध्यक्षता करना भारत के लिए गौरव का विषय है। प्रतियोगिता का संयोजन डॉ. जयदेव पांडेय और सहसंयोजन डॉ. ज्योति सिंह ने किया। इस दौरान डॉ. विजय कुमार, डॉ. रविप्रकाश सिंह, डॉ. पीयूष मणि त्रिपाठी मौजूद रहे। 

काशी की कला, संस्कृति और साहित्य से रूबरू होंगे विदेशी मेहमान

 देश की सांस्कृतिक राजधानी काशी में हुए बदलाव को विदेशी मेहमानों को दिखाने की तैयारी है। संस्कृति और पर्यटन के लिहाज काशी में हुए बदलावों को आधार बनाते हुए सूचना विभाग की ओर से एक डॉक्यूमेंट्री तैयार की जा रही है। इसे शहर के प्रमुख स्थानों और चौराहों पर लगे बड़े स्क्रीन पर शॉर्ट फिल्म की तर्ज पर दिखाई जाएगी। इस डॉक्यूमेंट्री में काशी विश्वनाथ धाम, बैलून फेस्टिवल, बोट रेस, क्रूज यात्रा और टेंट सिटी की झलक देखने को मिलेगी। 
विज्ञापन

पूर्वांचल के कलाकारों को मिलेगा मौका

जी-20 बैठक के जरिये काशी ही नहीं पूर्वांचल के कलाकारों को भी मौका मिलेगा। इसके लिए संस्कृति विभाग की ओर से कलाकारों का चयन किया जाएगा और उनकी प्रस्तुति का ऑडियो-विडियो डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाएगी। इसमें काशी की सांस्कृतिक विरासत को दिखाते हुए यहां के लोक नृत्य, लोक वाद्य, लोक संगीत की प्रस्तुतियाें को प्रमुख आयोजन स्थलों पर दिखाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें