जी-20 समूह की फ्रेम वर्क वर्किंग कमेटी के सम्मेलन में शामिल होने के लिए 19 देशों के 75 डेलीगेट्स सोमवार की शाम शहर पहुंचे। बाबतपुर से वह सीधे नदेसर स्थित होटल ताज गंगेज पहुंचे। दस सदस्य होटल रामाडा में ठहरे हुए हैं। मंगलवार से दो दिवसीय सम्मेलन की शुरुआत होगी।
इसमें विश्व बैंक के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। दुनिया के 20 प्रमुख अर्थव्यवस्था वाले देशों के समूह ‘जी-20’ के सदस्य देशों के सम्मेलन में अर्थव्यवस्था की वैश्विक चुनौतियों तथा समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा होगी।
डीएम योगेश्वर राम मिश्रा ने सोमवार को होटल ताज पहुंच कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
जर्मनी की अध्यक्षता वाले जी-20 के मसौदा कार्यसमूह की दो दिवसीय तीसरी बैठक 28-29 मार्च को वित्त मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से आयोजित की जा रही है।
इससे पूर्व इस कमेटी की बैठक दिसंबर 2016 में जर्मनी और फरवरी 2017 में रियाद में हो चुकी है। अंतिम एवं चौथी वार्ता अर्जेंटीना में हो सकती है।
2009 में मसौदा कार्य समूह के गठन के बाद से यह चौथा मौका है जब भारत इसकी मेजबानी कर रहा है।
इससे पहले भारत में नीमराणा (राजस्थान), 2012 में, गोवा 2014 में और केरल में 2015 में वार्ता आयोजित हो चुकी है। वाराणसी में होने वाले सम्मेलन में वर्तमान वैश्विक आर्थिक स्थितियों और विकास संबंधी महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करने के लिए इस संगठन के देशों द्वारा अपनाए जाने वाले नीति-विकल्पों पर विचार किया जाएगा।
सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि मंगलवार को गंगा आरती में शामिल होंगे और बुधवार को सारनाथ भ्रमण करेंगे। इनकी सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं।
डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने जी-20 समूह के डेलीगेट्स के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए आठ मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई है।