ईंट भट्ठों पर फलफूल रहे देशी शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ सोमवार को ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया। बभनपुरा गांव के लोगों ने चार ईंट-भट्ठों पर धावा बोलकर आधा दर्जन शराब की भट्ठियां तोड़ दीं और करीब तीन क्विंटल लहन नष्ट कर दिया। इसके बाद आबकारी विभाग और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारियों को भी ग्रामीणों ने तलाड़ लगाई। पुलिस के आश्वासन पर करीब पांच घंटे बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
बभनपुरा गांव के आसपास नशे के अवैध कारोबार से परेशान लोगों का सब्र टूट गया। सुबह चंचल, भोले सिंह, कैलाश सिंह, चुन्ना, तेजू, दीपू तिवारी, कल्लू और विशाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपने गांव के तीन और पड़ोसी गांव मढ़नी के ईंट भट्ठे पर धावा बोल दिया। यहां मौजूद शराब बनाने की भट्ठियां तोड़ने के साथ जमीन में गड़े 27 डिब्बा लहन को ढूंढ़ निकाला। इसके बाद लोगों ने लहन भरे डिब्बे सड़क पर रखकर बभनपुरा-चांदपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
मामले की जानकारी पाकर पहुंचे जाल्हूपुर और चिरईगांव चौकी प्रभारियों को ग्रामीणों ने खूब खरी-खरी सुनाई। ग्रामीणों का आरोप था कि स्थानीय पुलिस और आबकारी विभाग के संरक्षण में ही यह कारोबार चल रहा है। उन्होंने खेत मालिकों और भट्ठा मालिकों को भी शराब के कारोबारियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया तब दो बजे के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।