सूरज की पहली किरण के साथ सोमवार को काशी अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव की साक्षी बनी। गंगा तट से लेकर छत, पार्क, बगीचे, आंगन, अपार्टमेंट के कम्युनिटी हॉल संग वर्चुअल मंच पर भी योग की कक्षाएं सजीं। तन और मन को ऊर्जा से भरने के लिए अधिकारियों, समाजसेवियों, परिवार के सदस्यों व आम जन ने योग किया। सोमवार को वाराणसी स्मार्ट सिटी व वाराणसी नगर निगम ने वर्चुअल योगाभ्यास किया। जिसमें नगर आयुक्त गौरांग राठी ने दैनिक जीवन में योग की महत्ता बताते हुए प्रतिदिन योगाभ्यास करने की अपील की।
अपार्टमेंट में हुआ योगाभ्यास
योग दिवस के अवसर पर गणपति रेजीडेंसी में रहने वाले परिवार की महिलाओं ने ऑनलाइन योग किया। योग प्रशिक्षक श्यामली यादव के कुशल निर्देशन में महिलाओं ने घर में रहते हुए योगाभ्यास किया। जिसमें विजया तिवारी, अनुपमा, विवेचना वर्मा, रिंकू राणा, प्रीति झा आदि शामिल रहीं। वहीं मंडुवाडीह स्थित महावीर हाइट्स सोसाइटी में योगगुरु अमित गुप्ता ने अनुलोम विलोम, पद्मासन, वज्रासन का अभ्यास कराया। इस दौरान रमेश प्रदवानी, सुरेश शाह, संजय, रघु मेहरा, विजय शाह, आलोक आदि मौजूद रहे।
मानव एकेडमी के खिलाड़ियों ने किया योग
मानव एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट्स के भिक्षु चंदिमा की अध्यक्षता में शिवदासपुर स्थित प्रशिक्षण केंद्र में योग शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें सेंसेई माया पटेल, दिव्या पांडेय, ज्योति व निधिराज ने खिलाड़ियों को योगाभ्यास कराया। इस दौरान जूम एप से मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, दिल्ली, बंगाल, राजस्थान, महाराष्ट्र व बिहार से सेंसेई विक्रम मिश्र की टीम ने योगाभ्यास किया।
योग कर लिया स्वस्थ रहने का संकल्प
महिला पंतजलि योग समिति की ओर से ऑनलाइन योगाभ्यास किया गया। जिसमें शहर की विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने हिस्सा लेकर योग कर स्वस्थ रहने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षक कुशला जायसवाल ने लोगों को अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका, कपालभाति, सूर्य नमस्कार आदि आसान का अभ्यास कराया।
बच्चों और बुजुर्गों ने भी किया योग
कोरोना मुक्त काशी योग अभियान के तहत सोमवार को शास्त्री घाट व परमानंदपुर गांव में बच्चों व युवाओं के साथ बुजुर्गों ने भी योग का अभ्यास किया। योगाचार्य बब्बन तिवारी ने कोरोना की तीसरी लहर से बचने के लिए अपनी दिनचर्या में प्रतिदिन योग करने का लोगों से संकल्प कराया। इस अवसर पर तिलकराज मिश्रा, सुनील वर्मा, सुष्मिता सेठ, खुशबू आदि मौजूद रहीं।
सुभासपा के सदस्यों ने किया योग
योग दिवस पर सुभासपा की ओर से अपने घरों पर रहकर योगाभ्यास किया गया। जिसमें सुभासपा प्रदेश उपाध्यक्ष शशिप्रताप सिंह ने अपनी पत्नी सरिता सिंह के साथ योग किया।
असाध्य रोग से छुटकारा दिलाता है योग
आजाद संस्था की ओर से कैंटोमेंट स्थित नेहरू पार्क में योग शिविर का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य के लिए योग जरूरी
आल इंडिया रोटी बैंक, मोतीवाला फाउंडेशन व केशरीदेवी ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में योगाभ्यास किया गया। जिसमें मुख्य रूप से प्रशांत गुप्ता, निहारिका, अविजित त्रिपाठी, वेस इंडिया के निदेशक डॉ. राजेश श्रीवास्तव व अन्य ने योग किया।
परिवार के सदस्यों संग योग
व्यग्र फाउंडेशन के सदस्यों ने घर की छत पर परिवार के संग योगाभ्यास किया। अनवर अंसारी ने पुत्री अना शेख व आशिफा नाज के साथ योग किया। वहीं विजयंत सिंह व पवन दुआ ने भी योगाभ्यास किया।
ऑक्सीजन क्लब ने किया योगाभ्यास
ऑक्सीजन क्लब के सदस्यों ने सिगरा स्थित शहीद उद्यान पार्क में योग प्रशिक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में योगाभ्यास किया।