नशे में धुत दोनों के बीच खाना पकाने और बर्तन धुलने के लिए हुआ था विवाद
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा वीडीए कॉलोनी में सोमवार देर रात दीपांशु राय उर्फ लक्की (26) की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। दीपांशु के पेट और सीने पर पांच बार वार किया गया। लिव-इन-पार्टनर कुश पांडेय को भेलूपुर पुलिस ने घटनास्थल से मंगलवार सुबह गिरफ्तार किया। नशे में धुत दोनों के बीच खाना पकाने और बर्तन धुलने को लेकर विवाद हुआ और सब्जी काटने वाले चाकू से कुश पांडेय ने दिपांशु की हत्या कर दी। फॉरेंसिक टीम, भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार ने छानबीन की। वीडीए कॉलोनी के फ्लैट में दिपांशु राय और सोनारपुरा निवासी कुश पांडेय एक साल से लिव-इन पार्टनर के रूप में रहते थे। कुश साड़ी और लहंगा पहनकर रहता था। दोनों के बीच अक्सर शराब के नशे में झगड़े होते थे। सोमवार रात 10.30 बजे दोनों हरिश्चंद्र घाट से शराब का सेवन कर घर लौटे। इस बीच दिपांशु और कुश के बीच खाना पकाने और बर्तन धुलने को लेकर विवाद हो गया। तभी किचन के पास कुश ने सब्जी काटने वाले चाकू से दीपांशु पर हमला कर दिया। दीपांशु के लहूलुहान होने पर कुश ने खून रोकने के लिए हल्दी लगाने का प्रयास भी किया। घटना के बाद आरोपी कुश ने पहले 108 और फिर 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि दीपांशु राय वीडीए कॉलोनी में अपने घर में रहता था, जिसे उसके पिता शिबू सिंह ने खरीदा था। दीपांशु शराब का आदी था। दो साल पहले घाट पर उसकी मुलाकात सोनारपुरा निवासी कुश पांडेय से हुई थी। कुश के पिता उदय नाथ पांडेय का निधन हो चुका है। एक साल पहले कुश दीपांशु के घर में रहने लगा। कुश लहंगा पहनकर पैसे मांगता था। हत्या के आरोप में कुश पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिपांशु का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।