सर्किट हाउस में जन सुनवाई के वाद जानकारी देतीं राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बबिता सिंह चौहान
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने जनसुनवाई में सीएमओ के न पहुंचने पर नाराजगी जताई। तीन घंटे तक चली जनसुनवाई में कुल 44 शिकायतें आईं, जिसमें एक का मौके पर समाधान हुआ, अन्य के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। इसमें अधिकतर मामले घरेलू हिंसा और जमीनी विवाद के थे।
बड़ागांव की रहने वाली सविता पांडेय ने शिकायत की कि उसके पति ने उसे घर से निकाल दिया है। इसकी जांच एसीपी को सौंपी गई। शिवपुर थाना अंतर्गत बड़ा लालपुर की महिला किरण मिश्रा का जल निगम की पाइपलाइन की लीकेज की वजह से पड़ोसी से विवाद हो गया। मारपीट में उनका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। इस मामले की जांच एसीपी कैंट को सौंपी गई है। बलिया से आई एक महिला की शिकायत थी कि उसके पति ने मामूली विवाद में इतना पीटा कि एक हाथ और गर्दन की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। महिला फिलहाल अपने मायके में रह रही है। उनके दो बच्चे भी हैं। निस्तारण के लिए शिकायत बलिया के अधिकारी को भेजी गई है।
अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान और सदस्य गीता विश्वकर्मा ने अधिकारियों को हिदायत दी कि छोटे मामलों की उचित जांच कर निस्तारण कराएं, ताकि लोगों को न्यायालयों के चक्कर न लगाने पड़े। सभी शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं नियम सम्मत निस्तारण किया जाए। उन्होंने संवेदनशील मामलों में तत्परता से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर एडीसीपी महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव, डीपीओ पंकज कुमार मिश्र, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी रश्मि दुबे, पूजा सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई के सदस्य मौजूद रहे।
महिला आयोग अध्यक्ष ने महिलाओं का किया उत्साहवर्धन
लोहता। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने मंगलवार को काशीविद्यापीठ ब्लॉक मुख्यालय में महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और समूह सखियों को संबोधित करते हुए महिलाओं को स्वावलंबी व आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं को देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। हरिहरपुर की ई-रिक्शा चालक सीता देवी ने बताया कि वह प्रतिदिन करीब एक हजार रुपये कमाती हैं। इस आय से वह बच्चों को पढ़ाती हैं। पति को ई-रिक्शा दिला दिया है। एक अन्य महिला ने सिलाई-कढ़ाई से प्रतिदिन 200 से 400 रुपये कमाने की बात कही। अध्यक्ष ने बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई भी की। इस अवसर पर आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा भी मौजूद थीं।