जिस तरह से कोरोना का संक्रमण बढ़ता जा रहा है, उसको देखते हुए रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस स्टेशन पर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील प्रसारित करवाई जा रही है। कोरोना की पहली, दूसरी, तीसरी लहर की तरह ही इस बार भी कैंट रेलवे स्टेशन, बनारस रेलवे स्टेशन के साथ ही बस स्टेशन पर भी जल्द ही जांच की सुविधा शुरू की जा सकती है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से तैयारी चल रही है।
कोविड को ध्यान में रखकर नगर निगम ने सैनिटाइजेशन की वृहद कार्ययोजना बनाई है। इसके लिए रूटवार रूपरेखा तय की जा रही है, जिन स्थानों पर भीड़भाड़ अधिक है। वहां पर प्रतिदिन सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने कहा कि सैनिटाइजेशन के कार्य में पूरी मशीनरी को लगाया गया है।
सैनिटाइजेशन में छोटी मशीनों के अलावा बड़े स्प्रिंकलर का सहारा लिया जा रहा है। कुछ बड़े इलाकों को कवर करने के लिए मिस्ट गन का इस्तेमाल किया जाएगा। उन इलाकों को पहले कवर करने की योजना है, जहां अधिक भीड़ उमड़ती है। इनमें भीड़भाड़ वाले मंदिर, गंगा घाट, प्रमुख चौराहों को शामिल किया गया है।