मुंबई से घर वापस आते समय नागपुर के समीप सड़क हादसे में टैंकर में आग लगने से वाराणसी के कपसेठी क्षेत्र निवासी चार श्रमिक जिंदा जल गए। बुधवार को चारों श्रमिकों के मौत की खबर परिजनों को मिली तो उनके घर में कोहराम मच गया।
मधुमक्खियां गांव निवासी अखिलेश राम (18), कपसेठी बाजार का प्रदीप कुमार (22), तिलवार गांव निवासी कृपाशंकर राम (45) और हरेंद्र राम (50) मुंबई में घाटकोपर में मजदूरी करते थे। चारो बीती 17 मई को मुंबई से एक टैंकर से घर के लिए रवाना हुए थे। नागपुर के समीप धुलिया में टैंकर की एक बस से टक्कर हो गई और वह खाई में जा गिरा। खाई में गिरते ही टैंकर में आग लगने से चारों श्रमिक जिंदा जल गए।
मधुमक्खियां निवासी अखिलेश के परिजन घाटकोपर मुंबई में रहते हैं। उनको जब बुधवार को हादसे की जानकारी हुई तो वह घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी गांव में रहने वाले परिजनों को दी। तिलवार निवासी हरेंद्र का बड़ा भाई जयप्रकाश घाटकोपर में मजदूरी करता है। उधर, कपसेठी बाजार निवासी रामबली ने बताया कि उनके चार बेटों में दूसरे नंबर का प्रदीप मुंबई में मजदूरी करता था। अभी प्रदीप की शादी नहीं हुई थी। इस घटना से तीनों गांव के ग्रामीण भी खासे दु:खी दिखे।