सिंगरौली के सरई थाना क्षेत्र के निवास चौकी अंतर्गत गम्भीरा तालाब में स्नान के दौरान डूबने से तीन सगे भाई समेत चार बालकों की मौत हो गई। दिल को झकझोर देने वाली इस घटना की खबर को सुनते ही गांव में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत निवास के गम्भीरा तालाब में निवास गांव के इन्द्रलाल कुशवाहा के तीन मासूम बृजेन्द्र कुशवाहा(7), जितेन्द्र कुशवाहा(6), किशन कुशवाहा(5) एवं सुन्दर साहू(8)पिता लल्लू साहू की मौत तालाब में डूबने से हो गई। पुलिस के मुताबिक जिस तालाब में मासूम नहा रहे थे।
वहीं पास में एक मंदिर है, जहां एक महिला पूजा कर रही थी। महिला ने तालाब में मासूमों को तालाब में डूबते देखा तो स्थानीय लोगों से मदद की गुहार लगाई। वहीं सूचना पुलिस को दी। तब तक में मासूमों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विवेचना में जुटी है।
घर का बुझ गया चिराग
जानकारी के मुताबिक इन्द्रलाल कुशवाहा के चार बेटे हैं। जिनमें से तीन की मौत तालाब में डूबने से हो गई। वहीं सबसे बड़ा बेटा बचा है। जो मानसिक रूप से विकलांग है। मासूमों की मौत की खबर को सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। वहीं समूचे ग्रामीणों को यह घटना झकझोर दी है। मासूमों का पिता इन्द्रलाल हैदराबाद में काम करता है।
घर में बिना किसी से बताये मासूम बच्चे तालाब में नहाने के लिए निकल गये। जहां नहाते समय गहरे पानी में डूब गये। जिससे चार की मौत हो गई। पूरा गांव सदमे में है। परिजन बेहोशी हालत में पड़े हैं। स्थानीय पड़ोस के लोग परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं। मगर, मासूमों के शव को देख परिजन फूट-फूटकर रो रहे हैं।