आईएमएस बीएचयू में सीनियर रेजिडेंट पद पर नियुक्ति के लिए आयुर्वेद संकाय, दंत चिकित्सा संकाय और मेडिसिन फैकल्टी में आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। तीनों संकायों में कुल 192 पदों पर आवेदन की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित है। इस पद पर आवेदन के लिए सिर्फ चार दिन का मौका है। एक साथ बड़ी संख्या में रेजिडेंट मिलने के बाद जहां संकायों में इनकी कमी दूर होगी वहीं सबसे बड़ा लाभ मरीजों को होगा। उन्हें ओपीडी के साथ ही वार्डों में डॉक्टर का इंतजार करना नहीं पड़ेगा।
आईएमएस बीएचयू में होने वाली रेजिडेंट की इस नियुक्ति प्रक्रिया में सबसे अधिक मेडिसिन फैकल्टी में कुल 31 विभागों में 169 जबकि दंत चिकित्सा विज्ञान संकाय में चार विभागों में 9 सीनियर रेजिडेंट मिल जाएंगे। इसके अलावा आयुर्वेद संकाय के 10 विभागों में भी 15 पदों पर तैनाती होनी है। आईएमएस बीएचयू प्रशासन की ओर से वेबसाइट पर 18 जून को जारी विज्ञापन में ही इसके लिए 15 जुलाई तक आवेदन की तिथि निर्धारित की गई है। अब आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद आईएमएस में साक्षात्कार सहित अन्य औपचारिकताएं भी शुरू हो गई हैं। दंत चिकित्सा संकाय के प्रमुख प्रो. विनय श्रीवास्तव के अनुसार नौ रेजिडेंट की तैनाती तो हो जाएगी लेकिन जल्द ही यहां ईडब्ल्यूएस कोटे से एमडीएस की सीटें भी बढ़ने वाली हैं। इसके साथ ही संकाय में अन्य सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं।