जिले में हर शनिवार को कोरोना टीकाकरण की दूसरी डोज लगाने के शासन के आदेश के बावजूद जिले में 14 अगस्त को 3552 लोगों को पहली डोज लगा दी गई। इस मामले में शासन ने नाराजगी जाहिर कर स्वास्थ्य विभाग को हर हाल में शनिवार को दूसरी डोज लगवाने का निर्देश दिया है। जिले में पहली की तुलना में दूसरी डोज का टीका लगाने वालों की संख्या बहुत कम है। ऐसे में शासन ने सोमवार से शुक्रवार तक जहां पहली, दूसरी दोनों डोज लगाने का आदेश दिया था। वहीं, शनिवार को केवल दूसरी डोज लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद 14 अगस्त को जिले में 11236 लोगों को टीका लगाया गया। 3552 को पहली डोज लगा दी गई। इस तरह की स्थिति वाराणसी समेत दर्जन भर जिलों की है। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की है। इसमें हर हाल में शनिवार को दूसरी डोज ही लगाने का निर्देश दिया है। सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार काम किया जा रहा है। किसी तरह की लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो
गणपति रेजिडेंसी में 200 लोगों को लगे टीके
रोटरी क्लब काशी की ओर से मंडुवाडीह स्थित गणपति रेजिडेंसी में मंगलवार को विशेष टीकाकरण कैंप में 200 लोगों को टीके लगाए गए। अरुण तिवारी के निर्देशन में बतौर मुख्य अतिथि सीएमओ डॉ. वीबी सिंह, पूर्व मंडलाध्यक्ष रोटरी क्लब रो. संजय अग्रवाल ने कैंप का उद्घाटन किया। साथ ही लोगों को टीकाकरण के बाद भी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों को पहली और दूसरी डोज लगाई गई। कैंप में रोटरी क्लब से रचना जैन, संजय जायसवाल, धमेंद्र त्रिपाठी, शैलेंद्र श्रीवास्तव, डॉ. बृजेश जायसवाल, अमरेश पांडेय, जेपी रमन, एके बर्मा, रमेश गुप्ता और अजय खरे मौजूद रहे।