वाराणसी। डेढ़ साल बाद लहरतारा से शिवपुर की दूरी मात्र दस मिनट में पूरी होगी। यह सब कुछ होगा फुलवरिया फोरलेन का काम पूरा होने के बाद। इस फोरलेन के बनने से कैंट-लहरतारा मार्ग पर वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। साथ ही, लहरतारा की ओर से वरुणा पार जाने वालों को आसानी हो जाएगी। दूरी कम होने के साथ उनके समय और ईंधन की भी बचत होगी। जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी।
2015 से इस फोरलेन की कवायद शुरू हो गई थी लेकिन अप्रैल 2018 में इस काम की शुरुआत हो सकी। इसको मार्च 2019 तक पूरा करने की तैयारी थी लेकिन तकनीकी दिक्कतों के चलते काम तीन साल बाद शुरू हो सका। इसके चलते अब काम मार्च 2021 में खत्म होगा। फोरलेन बनाने के लिए सेना की लगभग 6.16 हेक्टेयर जमीन ली गई है। फिलहाल इस रूट के सीसी रोड पर ट्रैफिक के जबरदस्त दबाव से रोजाना जाम लगता है। सबसे अधिक जाम फुलवरिया रेलवे क्रॉसिंग पांच-सी पर लगता है। वरुणापार हिस्से में डेढ़ और कैंटोनमेंट एरिया में साढ़े तीन किलोमीटर सड़क बनाई जा रही है। लहरतारा रेलवे गेट नंबर चार और फुलवरिया गेट नंबर पांच सी पर आरओबी का निर्माण होगा। जबकि, कैंटोनमेंट छावनी के समीप नाले और वरुणा के इमलिया घाट पर पुल बनाया जाएगा।