वाराणसी। रमजान महीने में मुस्लिम बहुल इलाकों की जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम खोला जाएगा। इसके लिए जल्द ही नंबर जारी होगा। यह जानकारी बुधवार को सर्किट हाउस में मुस्लिम सरदारों और क्षेत्रीय पार्षदों की बैठक में डीएम प्रांजल यादव ने दी।
उधर, रायफल क्लब में हुई बैठक में डीएम ने नेशनल हाइवे क्रॉस करने वाले पंचक्रोशी मार्ग पर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
सर्किट हाउस में हुई बैठक में सरदार बाईसी के हाजी निजामुद्दीन, इकरामुद्दीन, इस्तकबाल कुरैशी, अफसार अहमद, शमीम, बेलाल, मुमताज आदि ने बिजली, पानी, सफाई, सड़क से जुड़ी समस्याएं उठाईं। डीएम ने इन्हें जल्द दूर कराने का वायदा किया।
बैठक में डीएम ने साफ-सफाई, चूने का छिड़काव, पानी की आपूर्ति के लिए नगर आयुक्त को निर्देशित किया। पर्याप्त बिजली आपूर्ति के लिए भी संबंधित अफसरों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम और सीओ संयुक्त रूप से अपने क्षेत्रों में आवश्यक प्रबंधों का जायजा लेंगे।
थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अनावश्यक रूप से मस्जिदों एवं ईदगाहों के पास डीजे और लाउडस्पीकर न बजने पाए। जिस इलाके से ट्रांसफार्मर के जलने की शिकायत मिले उसे प्राथमिकता पर बदला जाए।
रायफल क्लब में हुई बैठक में डीएम ने कहा कि पंचक्रोशी मार्ग पर थाना प्रभारी सुनिश्चित करेंगे कि कोई बड़े वाहन न चले। क्षेत्रीय पार्षदों और नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों का सहयोग लेने का निर्देश दिया। बैठक में एसएसपी जोगेंद्र कुमार, एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय, एडीएम प्रशासन सीताराम गुप्त सहित नगर निगम, बिजली, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी शामिल रहे।