क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से प्रादेशिक सीनियर फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन सिगरा स्टेडियम में छह मैच खेले गए। इसमें 12 टीमों के खिलाड़ियों ने कुल 15 गोल दागे। प्रतियोगिता के चौथे मैच में वाराणसी ने झांसी मंडल को 5-1 गोलों से जीत दर्ज की।
मैच में 11 मिनट तक झांसी मंडल की पेनल्टी एरिया में दबाव बनाते हुए वाराणसी दो आक्रामक हमले को झांसी के गोलकीपर ने बेकार कर दिया। 12वें मिनट में प्रति आक्रमण करते हुए झांसी के आदित्य ने गोल करने का प्रयास किया जिसे वाराणसी के राशिद ने गेंद क्लियर कर खतरा टाल दिया। खेल के 17वें मिनट में वाराणसी के पर्व कुमार ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। खेल के 26वें मिनट में प्रशांत के लंबे थ्रो-पास पर शिवम पटेल ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दिया।
दूसरे हाफ में झांसी ने फिर वाराणसी के गोलपोस्ट पर आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया लेकिन टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ी आदित्य ने गेंद को गोलपोस्ट के बाहर मारकर मौका गंवा दिया। खेल के 58वें मिनट में वाराणसी के अंकित सिंह के सटीक पास पर पर्व कुमार ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल किया। 69वें मिनट में अंकित सिंह ने गोल कर बढ़त 4-0 की 79वें मिनट में शिवम पटेल अपना दूसरा व टीम के लिए 5वां गोल किया। खेल के 81वें मिनट में झांसी के शक्ति यादव ने टीम का पहला गोल किया। अंत में वाराणसी की टीम 5-1 से मुकाबला जीत गई।
बरेली मंडल के फैयाज ने 11 मिनट में किए दो गोल, झांसी को 3-1 से हराया
प्रतियोगिता के पहले मैच में बरेली के फैयाज ने 11 मिनट में लगातार दो गोल कर झांसी मंडल की टीम को 3-1 से हरा दिया। सुबह छह बजे खेले गए पहले मैच में बरेली ने बस्ती मंडल की टीम को 3-1 गोलों से पराजित किया।
मैच का पहला गोल खेल के 23वें मिनट में बस्ती के फॉरवर्ड खिलाड़ी मो. तौसीफ ने किया और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में बरेली टीम ने अपनी रणनीति में परिवर्तन करते हुए छोटे-छोटे पास और ताल-मेल के साथ खेलना शुरू किया। दूसरा और तीसरा गोल फैयाज ने खेल के 65वें व 76वें मिनट में किया और स्कोर 3-0 कर दिया। बस्ती की ओर से एकमात्र गोल विनय ने 80वें मिनट में किया और हार का अंतर 3-1 कर दिया। दूसरे मैच में गोरखपुर ने लखनऊ को 1-0 से हराया। मैच का एकमात्र गोल खेल के 9वें मिनट में गोरखपुर के रघुवीर ने किया।
तीसरा मैच चित्रकूट और विंध्याचल मंडल के बीच खेला गया। इसमें विंध्याचल ने 3-0 से विजय प्राप्त की। खेल के 12वें और 15वें मिनट में मेहताब ने जबकि अभिषेक ने खेल के 35वें मिनट में गोल कर टीम को 3-0 से जीत दिलाई। इस मैच के मुख्य अतिथि बिल्लू चौहान, अध्यक्ष आगरा फुटबॉल संघ एवं चितहर प्रसाद संयुक्त सचिव जिला फुटबॉल संघ वाराणसी रहे।
गोलकीपर से छूटी गेंद, प्रयागराज दूसरे चक्र में पहुंची
पांचवा मैच देवीपाटन व आजमगढ़ के बीच खेला गया मैच गोल रहित बराबरी पर छूटा। छठा मैच प्रयागराज और सहारनपुर मंडल के बीच खेला गया। खेल के 53वें मिनट में गोलकीपर से छिटकी बॉल पर आर्यन तिवारी ने गोल कर प्रयागराज मंडल की टीम को 1-0 से जीत दिला दी।