न जुर्माने का डर, न कार्रवाई की चिंता
रक्षाबंधन के दौरान विभाग ने करौंदी, खालिसपुर और मिल्कीचक समेत कई इलाकों में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर 523 किलो सड़ी-गली रसभरी, बूंदी के लड्डू और संदिग्ध खोया नाले में फिकवाया था। विभाग ने तब दावा किया था कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलते ही कड़ी कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। 60 दिन गुजरने के बाद भी फेल मिले 6 सैंपलों पर पेनल्टी का निर्धारण नहीं हुआ, न ही किसी बड़े सिंडिकेट का लाइसेंस निरस्त किया गया। विभागीय कार्यशैली को देखते हुए साफ है कि इन नमूनों की जांच रिपोर्ट अब होली बीतने के बाद ही आएगी। जब तक प्रयोगशालाओं से मिलावट की आधिकारिक पुष्टि होगी, तब तक बनारसी क्विंटलों संदिग्ध और मिलावटी मिठाइयां डकार चुके होंगे।
अधिकारी बोले
जो भी सैंपल जांच में फेल हुए हैं, उनके लिए एसडीएम कोर्ट में वाद दायर किया गया है। कोर्ट की कार्यवाही में ही इन पर जुर्माना लगाया जाएगा। -कौशलेंद्र शर्मा, सहायक आयुक्त, खाद्य विभाग
नकली मिठाइयों, मावा व खोया की ऐसे करें पहचान
- मावे में आयोडीन की 2-3 बूंदें डालें, अगर रंग नीला या जामुनी हो जाए, तो उसमें स्टार्च या मैदा मिला है।
- असली मावे को हथेली पर मसलने पर घी की खुशबू आती है और यह दानेदार लगता है, जबकि मिलावटी मावा चिपचिपा होता है।
- वर्क को आग में जलाने पर असली चांदी की छोटी गेंद बन जाती है, जबकि मिलावटी एल्युमिनियम काला पड़ जाता है।
- असली वर्क उंगलियों पर चिपकता नहीं और रगड़ने पर गायब हो जाता है। एल्युमिनियम वर्क उंगलियों पर ग्रे रंग छोड़ता है।
- बहुत ज्यादा गहरे या चमकीले रंग वाली मिठाइयों से बचें, क्योंकि इनमें खतरनाक केमिकल रंगों की मिलावट हो सकती है।
- शुद्ध छेना स्पंजी और मुलायम होता है। सिंथेटिक छेना रबड़ जैसा खिंचता है और चबाने में सख्त लगता है।
- शुद्ध घी की मिठाई मुंह में जल्दी घुलती है, जबकि मिलावटी मिठाई खाने पर तालू में चिकनाई चिपक जाती है।
- सिंथेटिक दूध से बनी मिठाई का स्वाद हल्का कड़वा होता है और सूंघने पर साबुन या केमिकल जैसी गंध आती है।
- गुलाब जामुन या जलेबी की चाशनी में अगर झाग दिखे या खट्टी बदबू आए, तो वह बासी और खराब हो चुकी है।
- किसी भी मिठाई से अगर खट्टी या बासी गंध आए, तो उसमें फंगस या बैक्टीरिया हो सकते हैं, उसे न खरीदें।