एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत बकाया बिल भुगतान की धीमी गति पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने नाराजगी जताई है। मंगलवार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग में ऊर्जा मंत्री ने सिस्टम की खामियों को खंगालकर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि सरचार्ज माफी योजना का लाभ ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं को दिया जाए। साथ ही यह ध्यान रखने की जरूरत है कि छोटे बकाएदार अनावश्यक परेशान न हों। बड़े बकाएदारों पर ज्यादा फोकस करें।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि शिकायत मिली है कि कुछ स्थानों पर कम बकाया वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन काट दिए गए, जबकि बड़े बकाएदारों का कनेक्शन चलता रहा। यह ठीक नहीं है। उन्होंने एक लाख रुपये से अधिक के बकाएदार उपभोक्ताओं को ढूंढकर बिल जमा करने के लिए प्रेरित करने को कहा। कहा कि बड़ी बकायेदारी के मामलों का पहले निस्तारण करें। जो उपभोक्ता मौके पर बिजली का उपयोग करते हुए मिलें, उन्हीं की बिलिंग होनी चाहिए। वीसी में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के नगरीय विद्युत वितरण मंडल प्रथम के एसी आरएस प्रसाद, द्वितीय के एसी दीपक अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।