पाइप लाइन फटने से सड़कों पर भरा पानी।
रथयात्रा, गुरुबाग, सिगरा से महमूरगंज मार्ग पर शनिवार को बिना बारिश के ही अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। सड़कें पानी में डूब गईं। कहीं घुटने भर तो कहीं इससे भी अधिक पानी भरने से आवागमन ठप हो गया। रथयात्रा में सड़क धंस गई। कई वाहनों के बीच राह फंसने से अफरातफरी मच गई। यह जलभराव भेलूपुर से चौकाघाट तक गई मुख्य पेयजल पाइप लाइन के रथयात्रा-सिगरा मार्ग स्थित नटराज सिनेमा के पास फटने से हुआ।
जानकारी होते ही जल निगम और जलकल संस्थान ने आननफानन जलापूर्ति बंद कराई लेकिन उसके बाद भी हालात सामान्य होने में तकरीबन दो घंटे लग गए। पाइप लाइन की मरम्मत के लिए देर रात खुदाई शुरू करा दी गई लेकिन इसे दुरुस्त होने में हफ्ते भर का समय लगेगा। आधा दर्जन से अधिक इलाकों में जलापूर्ति ठप हो गई है।
भेलूपुर जलकल संस्थान से चौकाघाट तक करीब साढ़े तीन फीट मोटी 1200 एमएम की मुख्य पेयजल पाइप लाइन बिछाई गई है। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जलापूर्ति होते ही नटराज सिनेमा के पास पाइप फट गई। देखते ही देखते सड़कों पर तेजी से पानी फैलने लगा। इससे राहगीरों में अफरातफरी मच गई। रथयात्रा के पास सड़क धंसने से कई वाहन भी फंस गए। जानकारी मिलते ही जलापूर्ति बंद कराकर मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई। सड़क पर फंसे वाहनों को सुरक्षित निकाला गया। साथ ही, प्रभावित मार्गों पर हालात सामान्य होने तक आवाजाही रोक दी गई।
करीब एक लाख की आबादी के लिए पेयजल का संकट गहरा गया है। मुख्य पाइप लाइन से मलदहिया, गुलाबबाग, बादशाहबाग, शास्त्रीपार्क, सुंदरपुर बृजइंक्लेव पानी टंकी को आपूर्ति होती है। पाइप फटने से इन इलाकों में जलापूर्ति ठप हो गई है। पाइप लाइन की मरम्मत में कम से कम एक सप्ताह का समय लगेगा। जल निगम के अधिकारियों की मानें तो थ्री स्टेप कंक्रीट की पाइप बिछाई गई है। इसे जोड़ने के लिए लोहे की पाइप लगाई जाती है। उसे दिल्ली से मंगाना पड़ेगा।