खराब मौसम के कारण रविवार को हवाई यातायात प्रभावित रहा। दृष्यता कम हो जाने से दो विमानों को डायवर्ट हो कर वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरना पड़ा। हालांकि दृष्यता सामान्य हो जाने के बाद विमानों के पटना भेजा गया। पटना में रविवार को मौसम खराब हो जाने के बाद कोलकाता और दिल्ली से पटना पहुंचा विमान एयरपोर्ट पर उतर नहीं सका।
हालांकि इस दौरान पायलट द्वारा विमान को उतारने के लिये मौसम ठीक होने का इंतजार किया जाता रहा। काफी देर तक पटना एयरपोर्ट के इर्द-गिर्द हवा में चक्कर लगाने के बाद पायलट ने वाराणसी एयरपोर्ट के एटीसी अधिकारियों से संपर्क कर विमान को उतारने की अनुमति मांगी।
अनुमति मिलने के बाद विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरे। वहीं काफी देर तक हवा में चक्कर लगाने के चलते विमान में सवार यात्री भी डर गए। जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया का विमान एआई 409 दिल्ली से 141 यात्रियों को लेकर पटना के लिए उड़ान भरा। विमान पटना एयरपोर्ट पर पहुंचा तो वहां मौसम साफ न होने के कारण विमान लैंड नही कर सका।