श्रीरामलला मंदिर का ध्वजारोहण समारोह 25 नवंबर को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य शिखर पर ध्वज फहराएंगे। इधर काशी में भी विविध अनुष्ठान होंगे। 25 नवंबर को ही काशी में मंदिरों में दीप जलाए जाएंगे तो कई जगह हवन-पूजन होगा। विवाह पंचमी होने से श्रीराम जानकी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में विविध आयोजन होंगे। श्रीरामकथा और अखंड मानस पाठ होगा। विश्व हिंदू परिषद की ओर से हवन-पूजन होगा।
अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के बाद अब शिखर पर धर्म ध्वज का रोहण होगा। इस महानुष्ठान में देशभर से वैदिक विद्वान और विशिष्टजन भाग ले रहे हैं। वहीं, काशी में भी विविध अनुष्ठान की तैयारी शुरू हो गई है। इसी दिन विवाह पंचमी होने से विविध अनुष्ठान होंगे। विश्व हिंदू परिषद काशी प्रांत के सहमंत्री सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रांत की समितियों की ओर से हवन-पूजन और सुंदरकांड का पाठ होगा। तेलियाना स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में दीपदान और पूजन होगा। महिलाएं मंगल गीत गाएंगी। प्रह्लाद घाट पर श्रीप्रह्लादेश्वर श्रीराम जानकी मंदिर में दीपदान व श्रीरामकथा होगी। मठों, आश्रमों और मंदिरों में पूजन अर्चन होगा।