मुंबई से लौटे फूलपुर के दो सगे भाइयों समेत पांच लोगों में सोमवार को कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें से चार युवक ट्रक से और एक कार से आया था। नए मरीज मिलने के बाद चार नए हॉट स्पॉट भी बनाए गए हैं। अब हॉट स्पॉट की संख्या 41 हो गई है।
मुंबई से आने वाले लोगों के कोरोना संक्रमित होने से जिले में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार को मिले पांच नए मरीजों में मुंबई में काम करने वाले फूलपुर से 40 और 24 वर्षीय सगे भाइयों के साथ ही चिरईगांव का 35 वर्षीय, हरहुआ का 32 वर्षीय और चौबेपुर का 30 वर्षीय युवक शामिल है।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि चार युवक ट्रक से आए थे, जबकि चौबेपुर निवासी युवक कार से वाराणसी आया। यहां सभी ने ईएसआई अस्पताल में जांच कराई थी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 101 हो गई है।
इसमें से 68 ठीक हुए हैं, जबकि चार की मौत हो चुकी है। अब 29 एक्टिव केस रह गए हैं। फूलपुर, चिरईगांव, माधोपुर और भरथरा को नया हॉट स्पॉट बनाया गया।