परदेश से लौटने वालों को लेकर न सिर्फ जिला प्रशासन सतर्क है बल्कि उनके घर की महिलाएं भी काफी सजग हैं। सोमवार को चंदौली जिले के बरहनी ग्रामसभा के परसियां गांव में मुबंई से लौटे एक व्यक्ति को उसकी पत्नी ने घर में प्रवेश करने से रोक दिया। युवक नहीं माना तो पत्नी ने सूचना दी तो ग्राम प्रधान पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। इसके बाद काफी समझाने पर युवक क्वारंटीन सेंटर में रहने को राजी हुआ।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए लॉकडाउन के कारण कई श्रमिक दूसरे प्रांतो में फंस गए थे। बाद में लॉकडाउन में थोड़ी छूट दिए जाने के बाद लोगों का घरों की ओर लौटने का सिलसिला जारी है। मुबंई से पैदल व मालवाहक से सोमवार को एक व्यक्ति बरहनी ग्रामसभा के परसिया गांव निवासी स्थित अपने घर पहुंचा।
अभी वह घर में घुस ही रहा था कि उसकी पत्नी ने उसे घर में घुसने से मना कर दिया। पत्नी की यह बात सुनकर उसे थोड़ी नाराजगी हुई। जिसपर पत्नी ने उससे कहा कि 14 दिनों तक क्वारंटीन सेंटर रहने के बाद ही उसे घर में प्रेवश मिलेगा।
इस पर वह नहीं माना तो पत्नी ने ग्राम प्रधान को फोन कर इसकी जानकारी दी। सूचना के बाद ग्राम प्रधान पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। जहां उसे सममझाए जाने पर वह गांव स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए अस्थाई क्वारंटीन सेंटर में रहने को तैयार हुआ।