रुस्तमपुर गांव की घटना, 6 से 12 साल तक के हैं बच्चे
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी चिरईगांव। चौबेपुर थाना क्षेत्र के नवशहरी गांव रुस्तमपुर में सोमवार को कोल्डड्रिंक पीने से पांच बच्चे बीमार हो गए। बच्चों को उल्टी-दस्त की समस्या होने लगी। तबीयत बिगड़ती देख परिजन सीएचसी नरपतपुर लेकर गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख उन्हें दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल रेफर दिया। रुस्तमपुर निवासी अनिल गुप्ता की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है। इसी दुकान पर कोल्डड्रिंक, आईसक्रीम और नमकीन भी बेचते हैं। रविवार को गांव के ही रहने वाले दिलीप के चार बच्चे अशोक (12), आनंद (9), जान्हवी (8), अजय (6) और सरवन की पुत्री जूली (7) ने कोल्डड्रिंक खरीदकर पी। घर पहुंचने के बाद पांचों की हालत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी-दस्त के साथ बुखार की शिकायत हुई। पहले तो परिजन कुछ समझ नहीं सके, बाद में बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना पूरे गांव में फैल गई। सूचना पाकर पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज वर्मा ने दुकान पर पहुंचकर जांच की तो दुकानदार ने बताया कि उसके पास की पूरी कोल्डड्रिंक बिक चुकी है अब स्टॉक में कुछ भी नहीं है। डॉक्टर ने पीड़ित बच्चों के परिजनों से भी बातचीत कर जानकारी ली। डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि बच्चों में फूड पॉइजनिंग के लक्षण दिखाई दे रहे थे।
कोल्डड्रिंक पीकर बीमार हुए बच्चों की जानकारी मिली है। सीएचसी नरपतपुर के अधीक्षक से जानकारी मांगी गई है। विभाग की एक टीम को गांव में भेजकर लोगों को कोल्डड्रिंक पीने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जाएगा। - डॉ. एनपी सिंह, सीएमओ