बिरला ए हॉस्टल के बाहर प्रदर्शन करते छात्र
- फोटो : अमर उजाला
चीफ प्रॉक्टर को गोली दी, सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
बीएचयू परिसर में फायरिंग के बाद सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन करने वाले लगभग 40 अज्ञात छात्रों के खिलाफ लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मुख्य सुरक्षाधिकारी परमानंद सिंह की तहरीर के आधार पर दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और वीडियो खंगाल रही है। मुख्य सुरक्षाधिकारी परमानंद सिंह ने पुलिस को बताया कि चीफ प्रॉक्टर कार्यालय को सूचना मिली थी कि बिरला ए छात्रावास के पास फायरिंग हुई है। सूचना पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्य सुरक्षाकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि लगभग 40 छात्रों का समूह उग्र हो गया और चीफ प्रॉक्टर के नाम पर गालीगलौज की। सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी की गई। आक्रोशित छात्रों ने बिरला-रुइया चौराहे को जाम कर सड़क यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया।