शहीदे आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस पर गुरुवार को तिरंगा और बलिदान यात्रा निकालकर युवाओं ने उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। काशी विद्यापीठ, बीएचयू समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों के साथ ही सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने जहां जुलूस निकाला वहीं दी इमर्जिंग युवा सोसाइटी की ओर से युवाओं ने मंडलीय अस्पताल में रक्तदान किया।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद काशी महानगर की ओर से सनातन धर्म इंटर कॉलेज से दशाश्वमेध तिराहे तक बलिदान यात्रा निकाली गई। दशाश्वमेध तिराहे पर तीनों शहीदों के फांसी का दृश्यांकन किया गया। देशभक्ति गीतों पर नाचते गाते कार्यकर्ता आगे बढ़ते रहे।
बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय के नेतृत्व गेट नंबर तीन से अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में तिरंगा यात्रा निकाली। सदभावना एकता मंच की ओर से आजाद पार्क पर आयोजित कार्यक्रम में शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
काशी विद्यापीठ छात्रसंघ पूर्व उपाध्याय राहुल राज के नेतृत्व में लच्छीपुरा कालोनी से चौकाघाट तक मशाल जुलूस निकालकर युवाओं ने शहीदों की शहादत को याद किया। शहीद भगत सिंह यूथ फ्रंट की ओर से हरीश मिश्रा के नेतृत्व में भारत माता मंदिर से मशाल जुलूस निकाला गया।
विश्व हिंदू महासंघ की ओर से कैंडल मार्च निकाला गया। शास्त्री चौक से निकले जुलूस में कार्यकर्ताओं ने शहीदों की शहादत को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।