मऊ के मधुबन थाना क्षेत्र के भोला रोड स्थित कपड़ा और सराफा की दुकान में शुक्रवार की रात आठ बजे के करीब अचानक आग लग गई। आग की लपटें देख अफरा तफरी मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, दुकान के अंदर रखा कपड़ा जलकर राख हो गया। दुकान मालिक के अनुसार हादसे में करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। साथ ही आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट होने का अनुमान हैं। वहीं आग से सराफा की दुकान में भी काफी नुकसान हुआ है।
मधुबन बाजार निवासी अजय ठठेरा की नगर पंचायत क्षेत्र के भोला रोड पर कपड़े के साथ ही सराफा की भी दुकान है। रोज की तरह शुक्रवार शाम अजय दुकान बंद कर घर चले गए। इस बीच रात आठ बजे के करीब अजय की दुकान से धुआं निकलने लगा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दुकानदार को दी। सूचना पर पहुंचे अजय समेत स्थानीय लोग आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे, लेकिन सफलता नहीं मिली। देखते ही देखते दुकान में रखे कपड़े जलकर राख हो गए। आरोप है कि सूचना के काफी देर तक पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम नहीं पहुंची थी।