वाराणसी के महमूरगंज स्थित गैलेक्सी अस्पताल के तीसरे तल में आग लगने की सूचना पर बुधवार की सुबह हड़कंप मच गया। आनन फानन अस्पताल प्रबंधन ने अपने अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन इलेक्ट्रॉनिक पैनल से आग बढ़ते हुए ऑपरेशन थिएटर तक पहुंच गई।
विज्ञापन
इसके साथ ही आईसीयू भी आग की लपटों की चपेट में आने लगा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे चेतगंज और भेलूपुर स्टेशन के दमकल कर्मियों ने अस्पताल की खिड़कियों के शीशे तोड़े तो धुआं कम हुआ और आईसीयू में मौजूद 10 मरीजों को दूसरे कमरे में शिफ्ट किया गया। आग लगने का कारण प्रथमदृष्ट्या शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनिमेष सिंह ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए लगभग एक घंटे से ज्यादा का समय लगा। दमकल की चार गाड़ियों की मदद से आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।
10 मरीज जो आईसीयू में थे उन्हें दूसरी बिल्डिंग में शिफ्ट किया गया है। सभी लोग पूरी तरह से सुरक्षित हैं। अस्पताल के अग्निशमन यंत्र काम कर रहे थे। फिर भी जांच की जाएगी कि कहीं किसी अन्य प्रकार की कोई कमी तो नहीं थी।