वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र की घुघुरानी गली स्थित क्राकरी आइटम के गोदाम में गुरुवार की देर रात आग लग गई। सूचना पाकर पहुंची दमकल की छह गाड़ियों ने लगभग तीन घंटे में आग पर काबू पाया। घनी आबादी वाला संकरा इलाका होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। आशंका है कि गोदाम के बाहर कचरे में लगी आग से हादसा हुआ है। आग लगने की वजह से लाखों का नुकसान बताया गया है।
पियरी निवासी खलील की दुकान दालमंडी में है और घुघुरानी गली में तीन मंजिला मकान में गोदाम है। बताया जाता है कि रात सवा दो बजे के लगभग आसपास के लोगों ने गोदाम से धुआं उठता देखा तो पुलिस के साथ ही खलील को सूचना दी। इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
आग की लपटों को विकराल देख एक-एक कर दमकल की छह गाड़ियां आईं। गोदाम संकरी गली में होने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान मोहल्ले में अफरातफरी की स्थिति रही और पड़ोसी आशंकित रहे कि आग की जद में उनकी दुकान और मकान भी न आ जाएं। हालांकि दमकल कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आग को फैलने नहीं दिया।