उत्तर प्रदेश के वाराणसी में ककरमत्ता रेल ओवरब्रिज के नीचे गुरूवार की रात दो बजे एक ट्रक में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। ट्रक पर माचिस लदे होने के कारण आग लगने के बाद एक-एक कर दर्जनों धमाके हुए।
धमाके सुन कर भिखारीपुर तिराहे पर तैनात पुलिस ने भिखारीपुर-मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन मार्ग पर वाहनों और आमजन का आवागमन बंद करा दिया। इस बीच चालक ने बुद्धिमानी का परिचय देते हुए ट्रक को पोखरी के किनारे खड़ा कर दिया।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में लग गयी। लेकिन ट्रक में रुक-रुक कर धमाकों का सिलसिला जारी था। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष ने बताया कि आग लगने के कारण ट्रक और उस पर लादी गई माचिस के नुकसान होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार ट्रक ड्राइवर सुरक्षित है।