सूचना मिलते ही चितईपुर पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के लिए कुल पांच दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि लगभग 500 मीटर दूर तक लोगों को धुएं और जलने की तेज गंध महसूस हो रही थी। कई लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हुई।
आग की घटना में लाखों रुपये मूल्य का ट्रांसफॉर्मर तेल, कॉपर, तांबे के तार और अन्य विद्युत सामग्री जलकर राख हो गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश गौतम ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग की ओर से फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। उल्लेखनीय है कि करीब एक वर्ष पहले भी इसी वर्कशॉप के गोदाम में आग लग चुकी थी।