सभी इकाइयों से उत्पादन चार दिन ठप रहने की आशंका
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र स्थित ओबरा तापीय परियोजना के बी थर्मल पॉवर स्टेशन (बीटीपीएस) की केबल गैलरी में रविवार सुबह 3.45 बजे आग लग गई। हादसा बारहवीं इकाई से उत्पादन लेने के प्रयास में हुआ। इस कारण परियोजना की नौवीं, 10वीं और 11वीं इकाई भी ट्रिप हो गई। घटना के चलते दो-दो सौ मेगावाट की चारों इकाइयों से उत्पादन बंद हो गया। इससे उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा कुछ अन्य प्रदेशों में भी बिजली आपूर्ति ठप हो सकती है। हालांकि सोनभद्र के किसी भी इलाके में रविवार की देर शाम तक आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई थी।
करीब 12 घंटे में आग पर काबू पाया जा सका। घटना की वजह का पता नहीं चल सका। हादसे में करोड़ों का नुकसान बताया जा रहा है। अभी सभी इकाइयों से उत्पादन चार दिन तक ठप रहने की आशंका है। शनिवार की रात करीब 12.50 बजे ट्रिप हुई 12वीं इकाई को लाइटअप करने के बाद उससे उत्पादन लेने के प्रयास के दौरान करीब 3.45 बजे भोर में वाल मिल 12वीं चलाने पर माइनस चार केबल में धमाका हो गया।
इससे 12वीं इकाई के केबल पूरी तरह और 11वीं इकाई की आंशिक रूप से जल गईं। सूचना पर डीएम अमित कुमार सिंह, एसपी किरीट राठोड़, सीडीओ सुनील कुमार, एसडीएम सदर शादाब असलम पहुंच गए।
उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक सैंथिल पांडियान सी रविवार की शाम करीब साढ़े छह बजे ओबरा परियोजना पहुंचे। यहां उन्होंने जिलाधिकारी अमित कुमार सिंह के साथ ही परियोजना के अधिकारियों के साथ बैठक कर घटना के बारे में जानकारी ली।