कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने रोकथाम के लिए सभी विभागों में कोविड-19 हेल्प डेस्क बनाकर थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजेशन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए सरकारी और निजी कार्यालयों को दो दिन का समय दिया गया है। कोविड हेल्प डेस्क न बनाने पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि कोविड हेल्प डेस्क पर प्रचार-प्रसार की सामग्री भी प्रदर्शित की जाएगी और यहां शिफ्टवार कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। हेल्प डेस्क बनाकर कार्यालय के नाम सहित फोटोग्राफ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के व्हाट्सएप ग्रुप 9454417650 पर भेजना होगा। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, एयरपोर्ट पर यह व्यवस्था निदेशक रेलवे, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज और बाबतपुर एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से लागू कराया जाएगा। सभी निजी अस्पताल, होटल, मॉल, रेस्टोरेंट, क्लब आदि पर भी व्यवस्था लागू रहेगी।
टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए आगे आएं लोग
जिलाधिकारी ने टीकाकरण अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया है। कोविड कमांड सेंटर में चिकित्सा, पुलिस और राजस्व के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिलाधिकारी ने समूह और संस्थाओं का चयन कर अधिक से अधिक टीकाकरण कराने का निर्देश दिया। टीकाकरण की रिपोर्ट भी तलब की है। उन्होंने धार्मिक संस्थाओं के पुजारी, पादरी और मौलवी को इसके लिए प्रेरित करने को कहा है। इसकी जिम्मेदारी कोतवाली और दशाश्वमेध के साथ ही एलआईयू के अधिकारियों को भी सौंपी है। बिताया कि 45 साल से अधिक उम्र के लोगों नाविकों, डोम समुदाय सहित अन्य संगठनों के लोगों के टीकाकरण के लिए रेड क्रॉस सोसाइटी के डॉक्टर संजय राय से संपर्क किया जा सकता है। जो संस्थान टीकाकरण में अच्छा करेंगे, उनको सम्मानित किया जाएगा।
निगरानी समितियों के सक्रिय न होने पर जताई नाराजगी
जिलाधिकारी ने निगरानी समितियों के अब एक्टिव न होने और उसकी सूचना न भेजे जाने पर नाराजगी जाहिर की है। तत्काल समिति को एक्टिवेट कर मंगलवार से इसकी रिपोर्ट देने को कहा।
---
आशा कार्यकर्ताओं को कराना होगा 6 लोगों का टीकाकरण
जिलाधिकारी ने आशा कार्यकर्ताओं को भी प्रत्येक दिन कम से कम 6 लेागों का टीकाकरण का लक्ष्य देकर उनसे रिपोर्ट लेने का निर्देश दिया। कहा कि निगरानी समिति को पल्समीटर, आक्सीमीटर एवं सेनिटाईजर उपलब्ध कराया जाए।
कोविड मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराने के लिए पर्याप्त एंबुलेंस की व्यवस्था 24 घंटे में कराने के लिए डीएम ने नोडल अधिकारी डा.सुरेश को निर्देशित किया। आरआरटी टीम की संख्या बढ़ाने, गाड़ियों की व्यवस्था टीम के लिए कराने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया। कोविड कार्य में लगे सभी कर्मचारियों को आइवरमेक्टिन दवा वितरण का निर्देश भी दिया।