तहसील दिवस के अवसर पर खतौनी की नकल देने के एवज में सात हजार रुपये घूस मांगने की शिकायत पर मंगलवार को पिंडरा तहसील पहुंचे डीएम राजमणि यादव ने एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश एसडीएम पिंडरा को दिया। इस मौके पर पिंडरा में 148, राजातालाब में 239 और सदर में 225 सहित कुल 612 शिकायतें आई थी। इनमें से पिंडरा में 5, राजातालाब में 20 और सदर में 10 सहित कुल 35 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। बाकी शिकायतें संबंधित विभागों में एक सप्ताह के भीतर निस्तारण के लिए भेजा गया।
इस दौरान डीएम ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। पिंडरा तहसील के बूची गांव के लेखपाल ने एक आवेदनकर्ता से पैमाइश के बाद खतौनी की नकल देने के लिए घूस मांगा था। इस बारे में एसडीएम पिंडरा ने पूरी जानकारी डीएम को दी। पैमाइश से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा।
लंबित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। नकलविहीन परीक्षा कराने से आक्रोशित बड़ागांव ब्लॉक के सीतापुर स्थित इंटर कालेज के छात्रों ने चक्काजाम किया था। इस पर डीएम ने एसओ को मौके पर पुलिस बल तैनात करने को कहा। तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सफाईकर्मी नहीं होने की शिकायत की। डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सफाईकर्मी तैनात करने का निर्देश दिया।
वहीं, पिंडरा तहसील में थाना गांव के अंजनी पांडेय व बेचू ने खुदाई के बाद सड़क नहीं बनाने की शिकायत की। इस पर डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को तलब किया। भरावर की निर्मला देवी ने क्षेत्र के दबंग लोगों पर प्याज की फसल काटकर फेंकने की शिकायत की। डीएम ने एसओ को कार्रवाई का निर्देश दिया। देवराई की ग्राम प्रधान सीमा वर्मा ने घटतौली समाप्त करने के लिए सरकारी कोटेदार की दूकान निरस्त करने की मांग की।
रामनगर के ओमप्रकाश ने चकरोड पर कब्जे की शिकायत की। अहिरानी नथईपुर के मंगला प्रसाद ने नलकूप रिबोर करने, सहमलपुर की सूखा देवी ने लोहिया गांव बनाने, तरसड़ा के सुरेंद्र प्रसाद ने पड़ोसियों पर जमीन कब्जा करने की शिकायत की। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा। तहसील दिवस पर मुख्य विकास अधिकारी विशाख जी के अलावा सभी विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।