वाराणसी। चोरी और डेंट-पेंट की गई गाड़ियों के चेसिस नंबर बदलकर बेचने वाले गिरोह के चार आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। आरोप है कि गिरोह का सदस्य रवि सर्राफ उर्फ पिंचू मारवाड़ी बागपत जेल में मारे गए मुन्ना बजरंगी गिरोह का पूर्व सदस्य भी रह चुका है। नामजद प्राथमिकी में दक्षिण भारत की गायिका अमृता सुरेश का नाम भी शामिल है।
उच्च न्यायालय, लखनऊ के अधिवक्ता अनघ शुक्ला ने पुलिस को बताया कि भेलूपुर थाना क्षेत्र निवासी रवि सर्राफ उर्फ पिंचू मारवाड़ी इस गिरोह का संचालन कर रहा है। उनका आरोप है कि रवि सर्राफ मुन्ना बजरंगी गिरोह का पूर्व सदस्य और हिस्ट्रीशीटर भी है। गिरोह में उसका पुत्र प्रतीक सर्राफ, चपरासी ललित सिंह और गायिका अमृता सुरेश भी शामिल हैं। आरोप है कि यह गिरोह चोरी की गाड़ियों की डेंट-पेंटिंग कर उनके चेसिस नंबर बदल देता है और बाद में उन्हें बाजार में बेच देता है। शिकायत में इसे संगठित अपराध बताया गया है। यह भी आरोप है कि ऐसे संदिग्ध वाहन बड़ी आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल हो सकते हैं। शिकायत में कहा गया है कि यदि पुलिस गहन जांच करे तो कई वाहनों की बरामदगी हो सकती है।
इस शिकायत के बाद परिवहन आयुक्त ने एक जांच समिति गठित की। समिति ने वाहनों का भौतिक सत्यापन किया। जांच में पाया गया कि वाहनों के चेसिस नंबर के साथ छेड़छाड़ की गई थी। कैंट इंस्पेक्टर राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। इस प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक अनिल कुमार को सौंपी गई है। पुलिस गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। कूटरचित चेसिस नंबर वाली गाड़ियों की बरामदगी का भी प्रयास किया जा रहा है।