शिवपुर। थाना क्षेत्र स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल (लालपुर स्टेडियम) के हॉस्टल में बुधवार की सुबह 200 से अधिक बाहरी युवकों की भीड़ ने लाठी, हॉकी और ईंट-पत्थरों के साथ हॉस्टल में घुसकर खिलाड़ियों पर हमला बोल दिया। हमले के समय हॉस्टल में एथलेटिक्स, हॉकी और फुटबॉल के कुल 73 खिलाड़ी मौजूद थे। उपद्रवियों को देखकर खिलाड़ियों ने जान बचाने के लिए खुद को दूसरी मंजिल के एक कमरे में बंद कर लिया।
हमलावरों ने चारों ओर से पथराव किया और हॉस्टल में घुसकर पंखे, फ्रिज, एलईडी टीवी, सीसीटीवी कैमरे, एक्सरसाइज मशीनें तथा खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। विवाद की शुरुआत एक दिन पहले स्टेडियम के ट्रैक पर अभ्यास के दौरान हुई थी। बताया गया कि हॉस्टल के खिलाड़ी शरद ने बाहरी युवक सौरभ को सही तरीके से एक्सरसाइज करने की सलाह दी, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। उस समय एथलेटिक्स कोच ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन अगले ही दिन सुबह करीब 6:30 बजे बड़ी संख्या में बाहरी युवक स्टेडियम पहुंच गए और हॉस्टल पर हमला कर दिया।
खिलाड़ी अनिल राजपूत ने आरोप लगाया कि उपद्रव के दौरान उनके बैग से 19 हजार रुपये भी गायब हो गए। मारपीट और पथराव में रुद्राक्ष भारद्वाज, रामानुज यादव, यशवीर सिंह, प्रभात चौधरी और अथर्व त्रिपाठी समेत कई खिलाड़ी घायल हो गए। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है। हॉस्टल प्रबंधन की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
लालपुर स्टेडियम में बाहरियों के प्रवेश पर प्रतिबंध
घटना के बाद क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी कार्यालय ने लालपुर स्टेडियम में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले बाहरी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा गया है। स्टेडियम में बाहरी लोग खिलाड़ियों के अभ्यास में बाधा डालने के साथ उनके साथ अभद्रता भी करते हैं। प्रदेश के अलग-अलग जिलों के चयनित खिलाड़ी छात्रावास में रहकर विभिन्न खेलों की तैयारी करते हैं। यदि उनके साथ इस तरह की घटनाएं होंगी तो न कोच बेहतर प्रशिक्षण दे पाएंगे और न ही खिलाड़ी निर्भय होकर मैदान में उतर सकेंगे।
वर्जन
200 से अधिक बाहरी युवकों की भीड़ ने लाठी, हॉकी और ईंट-पत्थरों के साथ हॉस्टल में घुसकर खिलाड़ियों पर हमला किया। अब लालपुर स्टेडियम में खेल सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए कार्ड बनवाना होगा। केवल कार्डधारक खिलाड़ियों को ही स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा। - नवीन कुमार सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी