वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र से वर्ष 2016 में चोरी हुई एक बाइक का आजमगढ़ में चालान होने का मामला सामने आया है। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बराई निवासी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि उनकी ग्लैमर बाइक 8 जुलाई 2016 को आशापुर इलाके से चोरी हो गई थी। घटना के बाद सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई, लेकिन काफी समय तक तलाश के बावजूद बाइक बरामद नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाकर फाइल बंद कर दी।
पीड़ित के अनुसार, 2 मई 2026 को उनके मोबाइल पर ट्रैफिक चालान का एसएमएस आया। लिंक खोलने पर उन्होंने देखा कि उनकी चोरी हुई बाइक का आजमगढ़ में हेलमेट न पहनने पर चालान किया गया है। फोटो देखकर वह हैरान रह गए। इसके बाद वह आजमगढ़ पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। जांच के दौरान जिस व्यक्ति के नाम पर चालान हुआ, उसने अपना नाम जियालाल यादव बताया।
आरोप है कि उसने पुलिस को बताया कि यह बाइक उसे उसके भाई छोटेलाल यादव ने बेची थी, जो वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में तैनात है। बताया जा रहा है कि छोटेलाल यादव एडीसीपी वरुणा कार्यालय में पेशकार के पद पर कार्यरत है।
इसे भी पढ़ें; चंदौली में टला बड़ा हादसा: सासाराम स्टेशन पर पैसेंजर ट्रेन की बोगी में लगी आग, लपटें देख सहम गए यात्री
पीड़ित ने वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और अपनी बाइक वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया है।